विकास में औद्योगीकरण की अहम भूमिका : डीसी

पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपायुक्त सिरमौर ने कहा कि प्रदेश के विकास में औद्योगीकरण की अहम भूमिका रहती है। आपसी समन्वय से औद्योगिक विस्तारीकरण को रफ्तार मिल सकेगी। सीएसआर में भी उद्यमी सहयोग करें जिससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिल सकें। सरकार व संबंधित विभाग स्तर की मांगों को सरकार के पास भेजेंगे। स्थानीय स्तर पर निपटाने वाली मांगों पर प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। जिला उपायुक्त मंगलवार को गोंदपुर प्रदेश चैंबर आफ कामर्स पांवटा कार्यालय में आयोजित बैठक में उद्यमियों को संबोधित कर रहे थे।
जिला उपायुक्त प्रियतु मंडल ने कहा कि उद्यमियों को क्षेत्र में शांतिपूर्वक व बेहतर माहौल मिले, इसका हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उद्यमी नि:संकोच अपनी समस्याओं को रखें। उद्यमियों द्वारा रखी समस्याओं व मांगों पर गंभीरता से विचार होगा। पांवटा क्षेत्र में औद्योगीकरण क्षेत्र विस्तार व ट्रांसपोर्ट नगर को उपयुक्त जमीन तलाश की जा रही है। महाप्रबंधक जिला उद्योग ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि रामपुरघाट क्षेत्र में करीब 150 बीघा जमीन औद्योगिक क्षेत्र विस्तार को देखी गई है। ट्रांसगिरी क्षेत्र के पुरुवाला से डाकपत्थर सड़क पर भी सरकारी या निजी जमीन की तलाश है जिससे औद्योगिक क्षेत्र विस्तार को पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाई जा सकें।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मनमोहन शर्मा ने कहा कि बद्दी बरोटीवाला की तर्ज पर उद्यमी मिनी एंप्लायमेंट सुविधा पर विचार करें। इससे पहले हिमाचल चैंबर ऑफ कामर्स इकाई पांवटा अध्यक्ष सतीश गोयल ने समस्याओं व मांगों को रखा। इसमें नया औद्योगिक क्षेत्र विस्तार, बिजली-सड़कों की बेहतर सुविधा, फ्रेट सब्सिडी की मांग, 2007 से 2 फीसदी सेंट्रल सर्विस टैक्स वसूली, औद्योगिक इकाईयों के लिए कालाआंब सकेती मार्ग खोलने, स्थानीय चूना पत्थर के राजस्थान से प्रतिस्पर्धा में पिछड़ने, सतौन में बंदी की तरफ बढ़ रहे लघु उद्योगों को बचाने व पांवटा में हेलीपेड बनाने की मांग रखी। आरपी तिवारी ने ट्रांसगिरी क्षेत्र में औद्योगिक विस्तार करने की मांग रखी।
इस मौके पर एडीएम मनमोहन शर्मा, एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा, महाप्रबंधक उद्योग जीएस चौहान, सतीश गोयल, बीडी त्यागी, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, नवीन व केएस चौहान समेत पांवटा व गिरीपार क्षेत्र के उद्यमियों ने भाग लिया।

Related posts