
चौपाल (शिमला)। चौपाल विधानसभा क्षेत्र में सभी विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। चौपाल क्षेत्र के तहत सड़कों के निर्माण अथवा रखरखाव पर 26 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। यह बात चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने प्रेस को जारी बयान में कही। वर्मा ने कहा कि चौपाल में अक्सर आगजनी की घटनाओं के कारण लाखों रुपयों का नुकसान हो रहा है तथा चौपाल में अभी तक कोई अग्निशमन केंद्र नहीं खुला है। उन्होंने कहा कि चौपाल में दमकल केंद्र खोलने की मुख्यमंत्री वीरभद्र के समक्ष मांग रखी जाएगी। यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया जाएगा। वर्मा ने कहा कि चौपाल में मिनी सचिवालय, नेरवा तथा कुपवी में तहसीलदार कार्यालय खोलने की भी माननीय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष मांग उठाएंगे। चौपाल में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। विकास के नए आयास स्थापित किए जाएंगे। चौपाल के हर गांव का एक समान विकास किया जाएगा। सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। विधायक ने विकास कार्यों में सभी नेताओं से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा उपचुनाव खत्म होने तथा आचार संहिता हट जाने के बाद मुख्यमंत्री मंत्री वीरभद्र सिंह के माध्यम से चौपाल में सभी विभागों में खाली पदों को भरने का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
