
चौपाल (शिमला)। विधायक बलवीर वर्मा ने कहा कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र के विकास को धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। पुलबाहल में नवयुवक मंडल शराण की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर विधायक बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। इस अवसर पर विधायक बलवीर वर्मा का लोगों ने ढोल नगाड़ों से स्वागत किया। कार्यक्रम में जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण तथा रखरखाव पर 26 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का इसके लिए आभार व्यक्त किया। वर्मा ने क्षेत्र के पूर्व विधयकों पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायकों ने जनता का दर्द नहीं समझा है। विधायक ने आश्वासन दिया कि वह कभी अनदेखी नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि औख्टा से फेडज पुल 51 किमी की सड़क के लिए आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। भाजपा ने इस बजट को सोलन जिला के कसौली में बदला है। हिमाचल में जैसे ही वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार बनी, बीस दिन में इस बजट को वापस लाया गया। विधायक ने देलमू-भून्नी सड़क का निर्माण प्राथमिकता से शुरू करवाने तथा एक साल के अंदर पुलबाहल-थुन्दल सड़क को भी पक्का करने का क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया। जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र डोगरा ने भी अपनी समस्याओं को उठाया। विधायक ने शराण में मैदान के लिए डेढ़ लाख तथा युवक मंडल को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर बासाधार पंचायत के प्रधान मोहन चौहान, मुंडु पंचायत के प्रधान राजेंद्र, सरी पंचायत के प्रधान बस्तीराम शर्मा, सरी पंचायत के ही दो पूर्व प्रधान रंजीत सिंह और मान सिंह कटाईक, सुरेंद्र ममटा सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।
