विकास के नाम पर सिर्फ शिलान्यास, काम पूरा कब होगा पता नहीं

रामपुर बुशहर। लोक सभा चुनाव के लिए जहां प्रत्याशी और प्रदेश के मुख्यमंत्री क्षेत्र में विकास के दावे कर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वहीं, कई बड़े नेता जल्द प्रचार करने यहां आने वाले हैं। प्रचार के दौरान सभी मंचों से विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की हकीकत क्या है इस संबंध में अमर उजाला ने कुछ सर्वे किया है। पिछले पांच वर्ष में क्षेत्र में कई योजनाओं के शिलान्यास हुए, लेकिन अभी तक कार्य किसी का भी शुरू नहीं हो पाया। इन योजनाओं का क्या होगा, ये कब पूरी होंगी । कोई इस बारे में जवाब देने के लिए तैयार नहीं है, लेकिन हर मंच से वोट के लिए लोगों को गुमराह करना जारी है। राजनीतिक लड़ाई जहां दो दलों में चल रही है, वहीं पिस रहे हैं आम लोग।
इस संबंध में शैलेंद्र गुप्ता, मेहर सिंह ठाकुर, महेंद्र सिंह, पंकज, शिव चंद, शमशेर सिंह, लायक राम और पुरुषोत्तम का कहना है कि लोगों को आश्वासन देने के लिए शिलान्यास तो कर दिए जाते हैं, लेकिन आगे कार्य कब पूरा होगा, कोई नहीं जानता। लोगों का कहना है कि वोट बैंक की राजनीति के लिए इस प्रकार के हथकंड़े अपनाए जाते हैं।
बाक्स
इन योजनाओं के हुए हैं शिलान्यास
पूर्व सरकार ने 11 नवंबर 2011 को जनजातीय भवन का शिलान्यास किया था, लेकिन मजे की बात तो यह है कि सरकार ने भवन निर्माण के लिए 50 हजार रुपये का बजट दिया। अब लोक निर्माण विभाग परेशानी में है कि 50 हजार में कैसे भवन का निर्माण किया जाएगा। यही नहीं, रामपुर में पार्किंग निर्माण के लिए 2009 में पूर्व में मंत्री रहे महेंद्र सिंह ठाकुर ने शिलान्यास किया था। पार्किंग के लिए 60 लाख का बजट था, लेकिन अब तक पार्किंग का काम शुरू नहीं हो पाया है। शिलान्यास पट्टिका भी टूट चुकी है। वहीं, अब एस्टीमेट भी 6 करोड़ पहुंच चुका है। इसके अलावा 2 मार्च 2009 को पशाड़ा, उरसाई, जाखो, खनेरी और रचोली के लिए पेयजल योजना का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया था, लेकिन काम आज तक शुरू नहीं हो पाया है। वहीं, रामपुर के गांधी पार्क के पास 29 अप्रैल 2011 में रामपुर बुशहर के लिए संबर्धन पेयजल योजना का शिलान्यास पूर्व सिंचाई मंत्री रविंद्र रवि ने किया है। अब तो प्रदेश में सत्ता भी बदल गई है, लेकिन कोई भी कार्य शिलान्यास से आगे नहीं बढ़ पाया है।
क्या कहते हैं नेता
सरकार बदलने के बाद आगे नहीं बढ़ा काम
इस संबंध में विस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी रहे प्रेम सिंह द्रैक का कहना है कि भाजपा ने सत्ता में रहते क्षेत्र के लिए ये योजनाएं बनाने का निर्णय लिया था, लेकिन सत्ता पलट जाने के बाद कांग्रेस ने बदले की भावना के चलते इन योजनाओं का कार्य अभी तक शुरू नहीं किया।
आचार संहिता हटते ही पूरे होंगे काम
रामपुर के विधायक एवं सीपीएस नंद लाल ने कहा कि भाजपा ने बिना बजट के लोगों को गुमराह करने के लिए शिलान्यास कर दिए थे। आचार संहिता हटते ही इन कार्यों को प्रमुखता के साथ पूरा करवाया जाएगा।

Related posts