विकास कार्यों में हेरफेर की जांच

भोरंज (हमीरपुर)। टौणीदेवी ब्लाक की बगवाड़ा पंचायत में विकास कार्यों में हुई कथित अनियमितताओं की जांच शुरू हो गई है। बीडीओ टौणीदेवी संजीत कुमार ने मौका पर पहुंचकर पंचायत में विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है। मामले की शिकायत ग्रामीण भूमिदेव चंदेल ने की थी। जांच के दौरान प्रधान, सचिव और पूर्व सचिवों सहित सभी सदस्य मौजूद रहे। जांच अधिकारी ने शिकायत में सभी आरोपों पर रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है।
भूमि देव ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में आरोप लगाए थे कि उसने पहले शिकायत बीडीओ टौणीदेवी को की थी। जांच पूरी नहीं की और मामले के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई। वार्ड नंबर एक में सुरजीत सिंह के घर के पास बनाई खातरी में करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए हैं। शनिदेव मंदिर के बाहर लगाई वायरक्रेट की लागत करीब तीन लाख है। भूमि सुधार पर करीब ढाई लाख खर्च हुए जिसमें राशि का दुरुपयोग किया गया है। पंचायत का शनिदेव मंदिर करीब 6 कनाल भूमि पर बना है जो बिना एनओसी लिए बनाया गया है। सांसद निधि से लगभग दो लाख रुपये खर्च हुए हैं। बगवाड़ा स्कूल में गंदे पानी के लिए टैंक के निर्माण पर 2 लाख खर्च किया गया है। इसमें भी नियमों को ताक पर रखा गया है।

शिकायत के आधार पर जांच चल रही है। सभी पक्षों के बयान दर्ज करने हैं। सारे रिकार्ड की प्रतियां लेनी हैं। जांच पूरी होने पर रिपोर्ट उपायुक्त हमीरपुर को प्रेषित की जाएगी।
-संजीत कुमार, बीडीओ, टौणी देवी

Related posts