
पिथौरागढ़। मुख्य सचिव सुभाष कुमार ने वीडीओ कांफ्रेंस कर जिलाधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बेहतर काम करने वालों को शाबासी तो खराब काम करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए।
सीएस ने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति में जुलाई दूसरे सप्ताह तक हरहाल में तेजी लानी होगी। उन्होंने विकास कार्यों की रिकार्डिंग कराने के साथ ही बेहतर काम करने वालों कर्मियों को चिह्नित कर शाबासी और काम न करने वाले अधिकारी, कर्मचारियोें के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाने को कहा। उन्होंने विकास कार्यों के लिए धनराशि की मांग करने में देरी न करने की बात जिलाधिकारियों से कही। मुख्य सचिव ने शासन से मिलने वाली विभिन्न पेंशन योजनाओं की रकम समय पर लाभार्थियों को वितरित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने मुख्य सचिव को नई सड़कों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इस वर्ष 42.83 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले की प्रस्तावित 11 सड़कों में से तीन सड़कों को स्वीकृति मिल गई है।
