विकास कार्यों पर दो करोड़ से ज्यादा होगा खर्च

पौड़ी। जिला योजना की नियोजन समिति की बैठक में वन विभाग की 1.60 करोड़ की विकास योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की कई योजनाओं का अनुमोदन किया गया। पौड़ी जिले की प्रभारी मंत्री अमृता रावत ने अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में पैदल मार्गों का अनुरक्षण, वन परिषद भवनों की मरम्मत, ट्रैक मार्गों तथा यात्री शेडों का निर्माण समेत वन विभाग की 1.60 करोड़ राशि की योजनाएं अनुमोदित की गई। इसके अलावा कंडोलिया मंदिर, धौलिया, उडियारी और खंसुर में भी यात्री शेडों का निर्माण समेत पर्यटन विभाग के 50 लाख के प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।
बैठक में लोनिवि की समीक्षा के दौरान बेरी मोहरखंडी एक किमी मार्ग निर्माण सहित कई प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। पाबौ ब्लाक की कठूल पेयजल योजना, कठुली में हैंडपंप निर्माण समेत कई कार्यों के प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। बीरोंखाल ब्लाक में नयार नदी पर पुल का निर्माण विभागों की ओर से बचत की गई राशि से बनाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। प्रभारी मंत्री अमृता रावत ने जल निगम के कार्यों पर असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को बीरोंखाल ग्राम समूह पंपिंग योजना, भुजखेत और बांज खेत की योजनाओं में त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए। थलीसैण के विधायक गणेश गोदियाल ने वन विभाग के अधिकारियों को पैठाणी-चुठाणी-नलई तक 20 किमी मोटर मार्ग का प्रस्ताव स्वीकृत करने को कहा। इसके निर्माण के लिए विधायक निधि से धनराशि उपलब्ध कराएंगे। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, उपाध्यक्ष शिव सिंह गुसाईं, जिलाधिकारी चंद्रेश यादव और विधायक दिलीप रावत समेत कई लोग मौजूद थे।

Related posts