
सुन्नी (शिमला )। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश का समान, त्वरित एवं संतुलित विकास उनकी सरकार की प्राथमिकता है। विकास के लिए धन की समुचित व्यवस्था की गई है। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में समग्र संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। वे शनिवार को सुन्नी के चौक में पीपल का पौधा लगाने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान हिमरी-नलाह-शाड़ा-नवी गांवों को भी सड़क सुविधा प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है। कांग्रेस की ही सरकार ने प्रदेश में हरे पेड़ों के कटान पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया, शामलात भूमि में पीपल, बरगद, आम के पेड़ों का कटान रोका। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे पेड़ पौधों का संरक्षण कर प्रदेश के हरित आवरण में वृद्धि करें। सुन्नी दौरे के दौरान उन्होंने करीब 12 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के लाभ को जन जन तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक वर्ष में 17 वरिष्ठ माध्यमिक, उच्च और माध्यमिक पाठशालाएं खोली हैं। सुन्नी कॉलेज और हलोग धामी स्कूल में विज्ञान की कक्षाएं शुरू की गई, दाड़गी, जलोग और सुन्नी में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोले गए हैं। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण अध्यक्ष केहर सिंह खाची, शिमला ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, धर्मिला हरनोट, श्री महेंद्र सतान, प्रमोद शर्मा, प्रदीप शर्मा, हरदयाल, नीम चंद वर्मा, चंद्रशेखर, मुश्ताक कुु रैशी, टीजी नेगी, संजय कुमार, उपायुक्त शिमला दिनेश मल्होत्रा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर आदि शामिल थे।
सुन्नी पुलिस थाना और जलोग चौकी का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी में 96.94 लाख रुपये की लागत से बनने वाले विज्ञान खंड की आधारशिला रखी। वहीं, सुन्नी में 5 करोड़ रुपये से बनने वाले 50 बिस्तर के नागरिक अस्पताल का शिलान्यास किया। उन्होंने नागरिक अस्पताल सुन्नी में आवासीय खंड का शिलान्यास भी किया। वहीं, सुन्नी में पुलिस थाने का विधिवत शुभारंभ करने के साथ ही 71.63 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुलिस थाना भवन की आधारशिला भी रखी। जलोग में पुलिस चौकी का शुभारंभ किया।
उठाऊ जलापूर्ति योजना का लोकार्पण
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सुन्नी के करयाली-शाड़ा-नलाह सड़क का लोकार्पण भी किया। उन्होंने ग्राम पंचायत करयाली में 77.51 लाख रुपये की लागत से बनी करयाली उठाऊ जलापूर्ति योजना क्षेत्रवासियों को समर्पित की। इस योजना से क्षेत्र की 17 बस्तियों के 2200 लोग लाभान्वित होंगे।
चार माह में तैयार होगा सुन्नी अस्पताल
सुन्नी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुन्नी में 50 बिस्तर वाले अस्पताल को सात करोड़ की राशि खर्च कर आधुनिक प्री फैब्रीकेटेड संरचना तकनीक से चार माह में बनाकर तैयार किया जाएगा। इससे पूर्व इस तकनीक से कुल्लू जिले के भुंतर में उप-तहसील कार्यालय का निर्माण रिकार्ड 10 दिन में किया जा चुका है।
