विंटर कार्निवाल का आगाज आज

मनाली। प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह वीरवार को तीसरे राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल का शुभारंभ करेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बुधवार देर शाम कुल्लू पहुंच गए हैं। विंटर कार्निवाल दो से छह जनवरी तक मनाया जाएगा। उत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मनाली के मॉल सहित मनु रंगशाला को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह वीरवार सुबह दस बजे मनाली पहुंचेेंगे और सबसे पहले माता हिडिंबा की पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री महिला मंडलों तथा विभिन्न विभागों की ओर से पेश की जाने वाली झांकियों को हरी झंडी दिखाएंगे। जबकि, करीब एक बजे मुख्यमंत्री मनु रंगशाला पहुंचकर विंटर कार्निवाल का दीप प्रज्वलित कर उत्सव का श्रीगणेश करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनाली के विकास कार्यों का उद्घाटन सहित शिलान्यास भी करेंगे। विंटर कार्निवाल के अध्यक्ष एवं डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने बताया कि उत्सव की सभी तैयारियां पूरा कर ली गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कुल्लू पुलिस ने मनाली में कड़ा पहरा बैठा दिया है। एसपी विनोद धवल ने कहा कि शरदोत्सव के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related posts