विंकल हत्या मामले में थाना पहुंचे ग्रामीण

रोहडू। विंकल हत्याकांड अभी तक पुलिस के लिए रहस्य बना है। हत्याकांड के सात माह बाद भी पुलिस के हाथ हत्यारों तक नहीं पहुंच सके हैं। बुधवार को टाऊ गांव के ग्रामीणों ने पुलिस थाना रोहडू पहुंचकर मामले में पुलिस की अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया।
टाऊ गांव के ग्रामीण राजिंद्र रांटा, विनय रांटा, भोपिंद्र रांटा, बंटू रांटा, राकेश, भोपिंद्र मेहता, रामकृष्ण रांटा, परवीण रांटा, अरुण रांटा, जोगिंद्र रांटा, दिनेश, रमेश चौहान, राजकुमार रांटा तथा दयाल रांटा ने बताया कि हत्या के सात माह बीत जाने के बावजूद हत्यारे पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। हत्याकांड मामले में पुलिस की अब तक की छानबीन संतोषजनक नहीं है। उन्होंने बताया कि कई बार ग्रामीण मामले को लेकर रोहडू थाना पहुंचे। हर बार पुलिस ने मात्र आश्वासन ही दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की जांच सीआईडी से करवाई जाए। हालांकि, पुलिस ने मामले में कुछ दिन पूर्व भी एक गिरफ्तारी की थी लेकिन अभी पुलिस को मामले में कोई पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। विंकल की हत्या किसने की, यह सवाल अभी तक पुलिस के लिए अनसुलझी पहेली बना हुआ है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस को अभी तक कोई भी अहम सुराग नहीं मिला है। मामले में शक के आधार पर एक युवक गिरफ्तार किया गया था। उसके रिमांड की अवधि भी समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। मामले को लेकर बुधवार को टाऊ ग्रामवासी भी उनसे मिले हैं।

Related posts