वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत

नूरपुर (कांगड़ा)। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग 154 पर पीडब्ल्यूडी वर्कशाप के समीप बौड में शनिवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप कुमार (23) पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव कलेतर (घार) तहसील चुवाड़ी जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार संदीप कुमार एयरफोर्स में नौकरी करता था और शनिवार को अपनी नई बाइक के कागजात लेने के लिए पठानकोट जा रहा था। लेकिन रास्ते में नेशनल हाइवे 154 पर बौड में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जबकि आरोपी वाहन चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही नूरपुर सिविल अस्पताल की 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को नूरपुर अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह व कांस्टेबल दलजीत कटोच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। वहीं, मृतक के शव को दोपहर बाद नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया। इस दर्दनाक सड़क हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई और नौजवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
डीएसपी मनोज जोशी ने बताया कि पुलिस ने फरार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 304 ए और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 187 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts