वाहन आड़े-तिरछे खड़े करने पर कार्रवाई

थल। थल बाजार में अनियंत्रित तरीके से खड़े रहने वाले वाहन लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगे हैं। थल थाने में पुलिस और व्यापार संघ की संयुक्त बैठक में इस मामले को जोरदार तरीके से उठाया गया। इस मौके पर रामगंगा नदी से मछली पकड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
थानाध्यक्ष बीएल वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्र की तमाम समस्याओं पर चर्चा की गई। व्यापार संघ अध्यक्ष गंगासिंह मेहता ने थल बाजार में आड़े-तिरछे तरीके से खड़े रहने वाले वाहों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। बताया कि इसका असर क्षेत्र के व्यापार पर भी पड़ रहा है। साथ ही बाजार में आमतौर पर जाम की स्थिति भी बनी रहती है। जिस पर थानाध्यक्ष ने यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में रामगंगा नदी से मछली मारने वालों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वदलीय संघर्ष समिति अध्यक्ष शमशेर सिंह, दरपान सिंह कार्की, देवराज सत्याल, जगत सिंह थापा, रमेश बम, हेम पाल, गोविंद सत्याल, सुनील गोस्वामी, गौरव वर्मा आदि मौजूद थे।

Related posts