वाहनों की नीलामी में अनियमितता

रुद्रपुर। उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड में वाहन नीलामी में अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है। इस पर प्रबंध निदेशक ने जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार विपणन बोर्ड ने 19 जनवरी 2009 को कुछ वाहनों की नीलामी की थी। जिसमें अनियमितताएं सामने आई हैं। सूचना अधिकार के तहत एडवोकेट सुरेंद्र नरूला ने उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड से जानकारी मांगी थी। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वाहनों की नीलामी 19 जनवरी 2009 को की गई थी। इसके लिए बोर्ड ने मात्र एक दिन पहले 18 जनवरी 2009 को बाहर के समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराया। जबकि निविदा आमंत्रण की तिथि से 15 दिन पूर्व विज्ञापन प्रकाशित होना चाहिए था। साथ ही निविदाओं के साथ संलग्न एफडीआर 6-7 जनवरी को निविदादाताओं द्वारा बनवा ली गई। निविदा फार्म में कार्यालय उपनिदेशक निर्माण का उल्लेख है जबकि निविदा फार्म सहायक अभियंता तकनीकी ने अपने अपने हस्ताक्षर कर विक्रय किए हैं। उपनिदेशक प्रशासन ने भी अपनी टिप्पणी में नीलामी प्रक्रिया को नियम के विपरीत बताया है। प्रबंध निदेशक हरबंश सिंह चुघ ने डीडीओ को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं।

Related posts