
चंपावत। जिले में प्राथमिक शिक्षकों की वार्षिक स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। बेसिक शिक्षा विभाग ने कुल 46 शिक्षकों की प्रोफाइल तैयार की है। उनका सुगम से दुर्गम और दुर्गम से सुगम में ट्रांसफर करने की योजना है। इधर, दुर्गम स्कूलों में तैनात शिक्षक सुगम में आने के लिए आतुर हैं लेकिन अब तक सुगम में काम कर चुके शिक्षक दुर्गम में जाने के लिए किसी भी दशा में तैयार नहीं दिखाई देते। वह अपने संगठन के माध्यम से और अन्य राजनैतिक संबंधों के माध्यम से दबाव बनाने लगे हैं।
यदि विभाग वार्षिक स्थानांतरण की प्रक्रिया को सही तरीके से अमल में नहीं ला पाता तो बेसिक स्कूलों में अव्यवस्था हावी होने की संभावना है। बताया गया है कि जिले के कुल 513 प्राथमिक स्कूलों में से 199 स्कूल इस समय एक शिक्षक के सहारे संचालित हो रहे हैं। यह सभी स्कूल दूरस्थ इलाकों में हैं। इसके विपरीत सुगम इलाकों में स्थित स्कूलों में शिक्षकों की संख्या पूरी है। विभाग की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार हर स्कूल में छात्र संख्या के मानक के आधार पर ही शिक्षकों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के 252 पद रिक्त चल रहे हैं। जिले के प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या 19898 है। इनमें 1151 शिक्षक काम कर रहे हैं।
