
शिमला। नगर निगम वार्ड से सालाना एकत्र होने वाली राशि का दस फीसदी उसी वार्ड में खर्च किया जाएगा। उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने यह प्रस्ताव तैयार किया है। सिलीगुड़ी नगर निगम की तर्ज पर बनाए गए इस प्रस्ताव को जल्द ही निगम सदन में मंजूरी के लिए लाया जाएगा। सदन ने अगर प्रस्ताव पारित किया तो इसे सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राजधानी के लोगों से पानी का बिल, कूड़ा एकत्र करने का बिल और प्रापर्टी बिल वसूला जाता है। प्रति वार्ड सालाना करीब दो करोड़ की राशि एकत्र होती है। ऐसे में इस राशि का दस फीसदी वार्ड पर खर्च करने की योजना तैयार की गई है। उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने बताया है अगर यह प्रस्ताव सिरे चढ़ता है तो वार्डों में विकास कार्य गति पकड़ेंगे। वार्ड कमेटी की प्राथमिकताओं के आधार पर इस राशि को खर्च किया जाएगा। इस योजना के लागू होने से स्थानीय लोग भी बढ़ चढ़कर बिलों की अदायगी करेंगे। जिस वार्ड से सबसे अधिक राशि एकत्र होगी, उस वार्ड को उतना अधिक खर्च मिलेगा।
