
बागेश्वर। वायु सेना ने कपकोट के पिंडरघाटी क्षेत्र में आपदा राहत की कार्रवाई शुरू कर दी है। वायु सेना के हेलीकाप्टर से मंगलवार शाम राशन की दो खेप बदियाकोट पहुंचाई गईं। वापसी में वहां रास्ते बंद होने के कारण फंसे स्कूली बच्चों और कुछ अन्य लोगों को बागेश्वर लाया गया।
वायु सेना का हेलीकाप्टर सोमवार शाम यहां डिग्री कालेज मैदान में पहुंचा। पिंडर घाटी क्षेत्र मेें वितरित करने के लिए राशन आदि इसमें सुबह ही भर दिया गया था। लेकिन मौसम ने साथ नहीं दिया। दोपहर बाद तक रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। शाम को मौसम कुछ ठीक होने पर विंग कमांडर हंसा दत्त लोहानी के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू हुई। हेलीकाप्टर से दो बार बदियाकोट क्षेत्र में राशन छोड़ा गया। वहां मौजूद विधायक ललित फर्स्वाण ने वापसी में स्कूली बच्चों को भी ले जाने का आग्रह किया। वापसी के वक्त हेलीकाप्टर में स्कूली बच्चों को बागेश्वर लाया गया। यह बच्चे पिंडरघाटी के विभिन्न गांवों के हैं और बागेश्वर में पढ़ते हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश पर घर गए थे। बुधवार से स्कूल खुल रहे हैं। पहली खेप में 16 बच्चों और दो महिलाओं को, दूसरी खेप में 24 बच्चों और छह महिलाओं को यहां लाया गया। बागेश्वर से एसडीएम फींचाराम चौहान और बदियाकोट से विधायक ललित फर्स्वाण इस कार्रवाई में सहयोग करते रहे। वायुसेना के पायलटों ने बताया कि मौसम ठीक होने पर बुधवार को भी यह कार्रवाई होगी।
