वायुरथ महोत्सव में कार्यक्रमों की धूम

लोहाघाट। सुंई के वायुरथ महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। श्री कुंजवाल ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने कुंजवाल के सामने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुंई पऊ को इंटर का दर्जा देने और छमनियांचौड़ में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाने की मांग की। श्री कुंजवाल ने उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया। आयोजन समिति द्वारा श्री कुंजवाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। महोत्सव में कृषि विज्ञान केंद्र तथा कृषि विभाग ने विकास प्रदर्शनी लगाई है।
मेला स्थल और आईटीबीपी कैंप में पिथौरागढ़ के रक्तकोष प्रभारी डा. नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें एनसीसी, एनएसएस तथा आईटीबीपी जवानों समेत 70 लोगों ने रक्तदान किया। महोत्सव में स्कूली बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। देर रात तक यहां भजन संध्या आयोजित की गई। आयोजन समिति की ओर से श्याम चौबे, जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी, सुनील चौबे, अशोक तिवारी, नवीन चौबे, मदन पुजारी, प्रकाश खर्कवाल, महेश गरसाड़ा, विनोद चतुर्वेदी आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। राजकीय हाईस्कूल के स्काउट गाइड शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

Related posts