
चंबा। चंबा जिले में मौसम के बदलते मिजाज के कारण सीजनल बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। बीमारियों की चपेट में ज्यादातर बुजुर्ग और बच्चे आ रहे हैं। जिला अस्पताल में वायरल फीवर, टायफायड और पीलिया से पीड़ित बच्चों की संख्या सबसे ज्यादा है। हालत यह है कि जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या को देखते हुए बेड कम पड़ने लगे हैं। इसके अलावा ओपीडी भी काफी बढ़ोतरी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम परिवर्तन के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। स्वच्छता और खाने पीने का विशेष ध्यान न रखने के कारण लोग उल्टी और दस्त का शिकार हो रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ के पास टायफायड, पीलिया और एलर्जी से ग्रसित बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या के आगे बिस्तरोें की संख्या काफी कम पड़ गई है। एक वार्ड में 60 मरीज दाखिल करने की क्षमता होने के बावजूद यहां 90 मरीज लेटाने पड़ रहे हैं। खासकर शिशु रोग और मेडिसिन वार्ड मरीजों से भरे पड़े हैं। एक बेड पर दो-दो मरीज लेटाए जा रहे हैं। शिशु रोग एमडी डा. नितिन कुमार ने बताया मौसम परिवर्तन के चलते बच्चे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। गर्मियों में बीमारियों से बचने के लिए स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। बच्चों के खान-पान की भी विशेष ध्यान रखना भी जरूरी है। उधर, एमडी जितेंद्र महाजन के पास भी उल्टी, दस्त और सीजनल बीमारियों के रोगी काफी पहुंच रहे हैं।
कैसे बचें इन बीमारियों से
-पानी उबाल कर ठंडा करके पीएं।
-छोटे बच्चों को मां का ही दूध पिलाएं।
-पानी को क्लोरीन डालकर शुद्ध करें।
-ज्यादा पके फलों का सेवन न करें।
-साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
-ज्यादा तली हुई वस्तुएं न खाएं।
