
मंडी। जिला के सबसे बड़े वल्लभ महाविद्यालय मंडी में अध्ययनरत छात्र पीने के पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं। पिछले एक सप्ताह से कॉलेज में छात्र पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन न तो कॉलेज प्रशासन और न ही आईपीएच विभाग छात्रों की समस्या की ओर ध्यान दे रहा है। मंगलवार को एससीए ने पेयजल तथा छात्रों की अन्य समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। सीएससीए ने मांग की है कि पेयजल की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए।
सीएससीए के बैनर तले छात्रों ने समस्या को लेकर विरोध जताया। समस्या के शीघ्र समाधान के लिए कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। सीएससीए अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने कहा कि कॉलेज में पीने के पानी की समस्या कई दिन से चल रही है। पानी की सप्लाई सही ढंग से नहीं आ रही है। इससे छात्रों को कॉलेज परिसर में पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से छात्र घराें से बोतलों में पानी भरकर ला रहे हैं। वहीं, शौचालयाें में भी पानी न होने से सैकड़ों छात्र एवं छात्राओं को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। सीएससीए ने आईपीएच विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए तथा कॉलेज प्रशासन सहित आईपीएच विभाग की लचर कार्यप्रणाली के विरोध में जोरदार नारेबाजी की।
कॉलेज में पानी की समस्या से आईपीएच विभाग के अधिकारियंाें को अवगत करवाया गया था। मंगलवार को आईपीएच विभागीय के कर्मचारियाें ने कॉलेज में पेयजल पाइपों का निरीक्षण किया है। जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।
-टीएस ठाकुर उपप्राचार्य वल्लभ कालेज।
