वर्क एंड कंडक्ट पर मिलेगा 4-9-14

शिमला।(वीरेन्द्र खागटा )   हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग में शिक्षकों को 4-9-14 का टाइम स्केल देने के लिए विभाग किसी नए फार्मूले को लागू कर सकता है। हिमाचल राजकीय शिक्षक यूनियन की बैठक में विभाग ने शिक्षकों की मांग पर सहमति जताई है। इस पर अंतिम फैसला पांच मार्च को होने वाली जिला उपनिदेशकों की बैठक में हो सकता है। विभागीय सहमति बनी तो स्कूल के मुखिया की ओर से जारी शिक्षक के वर्क एंड कंडक्ट रिपोर्ट के आधार पर वित्तीय लाभ जारी कर दिया जाएगा। पांचवीं और आठवीं की सालना परीक्षा के लिए बच्चों को दूर न जाना पड़े, इसके लिए स्कूलों में ही परीक्षाएं करवाने का फैसला शीघ्र हो सकता है। शिक्षकों को पिछले दस सालों मेें कितनी ट्रेनिंग कब ली है, इसकी जानकारी खुद नहीं भरनी पड़ेगी। शिक्षा निदेशकों के साथ यूनियन के पदाधिकारियों की हुई बैठक में इन मसलों पर सैद्धांतिक रूप से सहमति बन गई है। इसके साथ ही निदेशक उच्च शिक्षा के समक्ष 50 शिक्षकों को ऐसे स्कूलों में तैनाती देने की बात उठाई है, जहां पहले से ही शिक्षक तैनात है। मुख्य अध्यापकों के खाली पदों को भरने सहित अन्य मांगों को निदेशक उच्च शिक्षा के सामने रखा। अपग्रेड हुए स्कूलों में शिक्षकों के अतिरिक्त पदों को सृजित करने की मांग को भी उठाया। एसएसए के परियोजना अधिकारी के समक्ष प्रशिक्षण से लेकर अन्य मांगों की व्यवस्था को खत्म कर दिया है। इससे पहले निदेशक एलीमेंटरी शिक्षा के समक्ष मांगों को रखा था। बैठक में वीरेंद्र चौहान, नरेश महाजन, विजय गोस्वामी, चितरंजन कालटा, रोशन लाल, चंद्र ठाकुर, लाल सिंह, मुलख राज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Related posts