
करसोग (मंडी)। वन विभाग करसोग के दैनिक भोगी कर्मचारी पिछले सात माह से वेतन न मिलने से खफा हैं। महंगाई के दौर में कर्मचारियों को परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो रहा है। भुगतान न होने की सूरत में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ करसोग इकाई ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
सनारली वन विश्राम गृह में दैनिक भोगी मजदूर संघ करसोग इकाई की बैठक में वेतन न मिलने पर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ रोष प्रकट किया गया। बैठक की अध्यक्षता अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ करसोग इकाई के अध्यक्ष धर्म सिंह ने की। इसमें लंबे समय से अंशकालीन और दैनिक भोगी कर्मचारियों को वेतन न दिए जाने पर रोष जताया गया। वन मजदूर यूनियन करसोग के प्रधान शुकरू राम ने कहा कि विभाग अपने ही मजदूरों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। मजदूरों को दो वक्त की रोटी के लाले पड़ गए हैं। शुकरू राम ने कहा कि विभाग के आला अधिकारियों को कई बार लिखित रूप में वेतन का भुगतान करने का आग्रह कर चुके हैं। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ करसोग व मजदूर यूनियन ने संयुक्त रूप में फैसला लिया है कि अगर विभाग शीघ्र ही वेतन का भुगतान नहीं करता है तो प्रदर्शन किया जाएगा। इस बारे में डीएफओ करसोग आरके सिंह का कहना है कि धन उपलब्ध कराने के लिए विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र लिख दिया गया है। शीघ्र ही इनके बकाया वेतन का भुगतान किया जाएगा।
