वन भूमि हस्तातंरण के मामलों को समय से निपटाएं

अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी तकनीकी विभाग वन भूमि हस्तांतरण के प्रकरणों को निर्धारित प्रारूप में अपडेट कर 20 सितंबर तक प्रभागीय वनाधिकारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वन भूमि हस्तातंरण के मामलों को समय से निपटाएं और योजनाओं का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि वन भूमि हस्तांतरण मामलों का समय पर निस्तारण नहीं होने से विकास कार्यों की गति में अवरोध आना स्वाभाविक है। इसलिए सभी तकनीकी विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित वन भूमि हस्तातंरण के मामलों को निर्धारित समय से निपटाने की कार्रवाई करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आ सके और विकास कार्यों को गति मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की पांच तारीख को वन भूमि हस्तातंरण की समीक्षा बैठक होगी। यदि पांच तारीख को अवकाश हो तो छह तारीख को बैठक होगी। सभी तकनीकी अधिकारी ध्यान रखें कि बैठकों में वन भूमि हस्तांतरण के संबंध में की गई कार्रवाई की सही रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रेम कुमार, सिविल सोयम के डीएफओ बीजू लाल टीआर, ईई लोनिवि निर्माण खंड सुरेश आर्या, प्रांतीय खंड के ईई सुनील कुमार, मुख्य शिक्षाधिकारी अशोक कुमार जुकरिया के अलावा जल निगम, जल संस्थान, सिंचाई, पीएमजीएसवाई के अधिकारी मौजूद थे।

Related posts