
चंबा। वन विभाग की जमीन से अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया जोरशोर से चल रही है। छोटे मामलों में विभाग ने सैकड़ों कब्जे हटा दिए हैं। बड़े मामलों में एफआईआर दर्ज करवाकर केस कोर्ट में भेजे गए हैं। जिला चंबा में 10 बीघा से ज्यादा भूमि पर अवैध कब्जा करने के74 मामले सामने आए थे। इसमें 83.08 हेक्टेयर भूमि कब्जाधारियों के अधीन है। वन विभाग ने इन सभी पर संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज करवाई थी। अब ये मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं। इसके अलावा 10 बीघा से कम के 59 मामलों में भी विभाग ने कार्रवाई की है। इन मामलों में 3.91 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा हुआ है। ये सभी मामले डीएफओ स्तर पर चल रहे हैं। इनमें 55 विभागीय स्तर पर निपटाए जा चुके हैं। इसके बाद 25 केस डिवीजन कोर्ट में अपील के लिए लगे हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में लोगों ने कई जगह वन विभाग की जमीन पर गौशालाएं बना रखी हैं तो कई स्थानों पर झोंपड़ियां स्थापित कर दी हैं। इसके अलावा काफी मात्रा में वन विभाग की जमीन को खेतीबाड़ी के लिए प्रयोग किया जा रहा है। मुख्य अरण्यपाल एआरएम रेड्डी ने बताया कि जिले में वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जे हटाने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि 74 बड़े मामलों में एफआईआर दर्ज करवा दी गई थी। छोटे स्तर के मामले विभागीय स्तर पर निपटाए जा रहे हैं।
