
पधर (मंडी)। मंडी-कटौला-टिहरी राज्य मार्ग पर वन रेंज कटौला के जंगल में गश्त अभियान पर निकली फॉरेस्ट टीम को चकमा देकर वन तस्कर ने अवैध लकड़ी सहित वाहन को आग के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक डिप्टी रेंजर लाल सिंह यादव की अगुवाई में वन विभाग की टीम सोमवार देर शाम जंगल के बीच राज्य मार्ग पर गश्त अभियान पर थी। बागी वीट के वन रक्षक गर्वधन सिंह और कुंदक बीट के वन रक्षक बीरी सिंह भी गश्त पर उनके साथ थे। इस दौरान राज्य मार्ग पर आ रही वैन को शक के आधार पर रोकने के लिए विभाग की टीम ने मार्ग पर नाका लगा दिया। गाड़ी में अवैध देवदार की लकड़ी थी। वन तस्कर ने वन विभाग की ओर से लगाए गए नाके को तोड़ते हुए वाहन को तांदी की ओर लिंक रोड पर चौकी गांव की ओर मोड़ लिया। विभागीय टीम ने चौकी गांव तक गाड़ी का पीछा किया। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले वन तस्कर ने पेट्रोल छिड़क कर लकड़ी और गाड़ी को आग लगा दी और फरार हो गया। वाहन को लगी आग बुझाने का वन विभाग की टीम ने प्रयास किया, लेकिन वाहन सहित अवैध लकड़ी पल भर में राख हो गई। इस बीच डिप्टी रेंजर ने पधर पुलिस को मामले की सूचना दी। थाना प्रभारी संजीव सूद की अगुवाई में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी हेम चंद पुत्र रातकू राम गांव तांदी डाकघर टिहरी तहसील सदर जिला मंडी की है। वाहन मालिक स्वयं गाड़ी को ड्राइव कर रहा था। डिप्टी रेंजर ने बताया कि गाड़ी में वह अकेला था, जिसमें अवैध देवदार की फ्रेमें ले जाई जा रही थीं। पुलिस मामले की जांच की रही है। पुलिस ने गाड़ी से राख को बतौर सेंपल इकट्ठा कर लिया है। थाना प्रभारी पधर ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर वाहन मालिक से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहन में आग लगाकर साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास किया गया है।
