वनमंत्री के गृह क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल

भरमौर (चंबा)। जिले के जनजातीय उपमंडल भरमौर में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी का गृह क्षेत्र होने के बावजूद यहां के स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की भारी कमी चल रही है। लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इधर-उधर भागना पड़ रहा है। इस उपमंडल की 29 पंचायतों की 50 हजार से अधिक की आबादी दो सीएचसी व दो पीएचसी पर निर्भर है। हालांकि यहां 19 सब सेंटर भी खोले गए हैं, मगर स्टाफ की कमी के चलते यह संख्या दिखावा मात्र ही है। स्टाफ की कमी के कारण लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। उपमंडल के इन स्वास्थ्य संस्थानों के लिए स्वीकृत 113 अधिकारियों व कर्मचारियों के पदों में से 38 पद लंबे अरसे से खाली चल रहे हैं। हैरानी की बात है कि यहां बीएमओ तक का पद रिक्त है। इसके अलावा एक मेडिकल आफिसर, दो दंत चिकित्सकों, होली में एक फार्मासिस्ट, पीएचसी मांदा में स्टाफ नर्स का एक पद, पीएचसी गरोला में मेल हेल्थ सुपरवाइजर का एक पद, पीएचसी गरोला में हेल्थ वर्कर का एक पद, मांदा में लैब टेक्निशियन का एक पद, सीएचसी भरमौर में सीनियर असिस्टेंट का एक पद, भरमौर में कंप्यूटर ऑपरेटर का एक पद, भरमौर में आर्थो मेडिकल असिस्टेंट का एक पद, भरमौर में डेंटल मैकेनिक का एक पद, होली में चालक का एक पद, लैप्रोसी क्लीनिक असिस्टेंट के दो पद रिक्त चल रहे हैं। खाली पदों के कारण उपमंडल में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का भी एक पद भरमौर में रिक्त है। सफाई कर्मचारियों के तीन पद होली, भरमौर व गरोला में रिक्त चल रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अशोक गुप्ता ने बताया कि रिक्त पदों की सूची के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। पत्राचार के माध्यम से रिक्त पदों की सूची भी प्रेषित की गई है।

इंसेट ….
हेल्थ वर्करों के 18 पद रिक्त
भरमौर में फीमेल हेल्थ वर्करों के 19 पद स्वीकृत हैं और इसमें से 11 सेवाएं दे रही हैं। बाकी के आठ पद सब सेंटर क्वारंसी, सांवरा, तरेला, कुगति, बडग्रां, मांदा, चोभिया, लाहल में खाली चल रहे हैं। मेल हेल्थ वर्कर के 18 स्वीकृत पदों में से नौ ही वर्तमान में सेवाएं दे रहे हैं और 10 पद लंबे अरसे से खाली चल रहे हैं। सब सेंटर उरेई, औरा, मांदा, पूलन, चोबिया, बलमुई, हड़सर, ग्रीमा, सठरी, क्वारंसी में मेल हेल्थ वर्कर के पद रिक्त हैं।

Related posts