
शिमला। हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ा दिया है। बोर्ड ने इसे 250 से बढ़ाकर 350 रुपये प्रति माह कर दिया है। यह निर्णय बोर्ड के निदेशक मंडल की बैठक के बाद लिया गया है। यह पेंशन हिमाचल में लगभग 250 विधवाओं, अपंगों, यतीमों और वृद्धों को दी जाती है।
हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष ख्वाजा खलीलउल्लाह की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। यह भी निर्णय हुआ कि इस बोर्ड की आय और इसके व्यय को लेेकर ऑडिट करवाया जाएगा। यह कई साल से नहीं हो सका है। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि इसकी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जाना जरूरी है। इसके अलावा बैठक में सरकार से वित्तीय मदद लेने का आग्रह करने, बोर्ड के गठन पर अब तक हुई लीज का ब्योरा लेने, कम किराये वाले मामलों में बढ़ोतरी करने और उनका नियमितीकरण करने का भी फैसला लिया गया। बैठक में बोर्ड की आमदनी और खर्चों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निदेशक मंडल के सदस्य मुश्ताक कुरैशी, मुराद खान, रोशनदीन, मुफ्ती मोहम्मद शफी, शौकत उल्लाह आदि ने भी भाग लिया।
