
कटौला (मंडी)। कटौला में वकील के घर से चोर लाखों की संपत्ति ले उड़े हैं। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। प्रभावित परिवार मंडी में रहता है। पीछे से चोर घर के ताले तोड़ कर छह तोले सोना और साथ रखी एक हजार की नगदी लेकर फुर्र हो गए। घटना वीरवार रात की है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चोराें ने एडवोकेट ललित कुमार पुत्र हरदेव सिंह निवासी कटौला के मकान पर वारदात को अंजाम दिया। चोराें ने पहले कमरे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद अंदर रखी गोदरेज की अलमारी का दरवाजा तोड़ा। पुलिस के मुताबिक चोर घर से छह तोले सोना ले उड़े हैं। जिसमें एक गले का सेट, 2 लेडीज सोने की अंगुठियां, सोने की एक टीक, सोने का एक चॉक, सोने की एक जेंट्स अंगूठी, चांदी की पायलें, सोने की 2 तीलियां तथा 1,000 रुपए की नकदी भी शामिल है। चोरी हुई ज्वेलरी की कीमत 1 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई है। प्रभावित परिवार मंडी में रहता है, लेकिन शिकायतकर्ता के दो भाई तथा मां-बाप वारदात के समय अपने घर पर ही थे। पुलिस के मुताबिक प्रभावित परिवार के कमरे ग्राउंड फ्लोर में हैं। जबकि उससे ऊपरी मंजिल पर उसका एक भाई परिवार सहित रहता है। पास ही एक मकान में उसका दूसरा भाई तथा मां-बाप भी रहते हैं, लेकिन किसी को भी रात को चोरी हो जाने का पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जब शिकायतकर्ता के पिता हरदेव सिंह शौच के लिए वहां से गुजरे तो ग्राउंड फ्लोर में कमरे का दरवाजा खुला था। उन्होंने इस घटना की ललित कुमार को मंडी में सूचना भेजी। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। द्रंग थाना पुलिस ने मौके पर जाकर परिवार वालों के बयान दर्ज कर लिए हैं। घटना की पुष्टि करते हुए एसएचओ पुलिस थाना द्रंग संजीव सूद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है
