
धर्मपुर/पधर(मंडी)। जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश से ल्हासे गिरने के कारण कई संपर्क मार्गों पर यातायात बाधित हो गया। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पधर-नौहली सड़क पर ल्हासा गिरने से मार्ग करीब दो घंटे तक बंद रहा। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पैहड वाया कौंशल, धर्मपुर से बरोटी, कांढापतन, धर्मपुर से बरोटी वाया सरसकान, मुख्य मार्ग धर्मपुर से मढ़ी संधोल, सतरेहड़, धर्मपुर से मठी बनवार, धर्मपुर से कोट, धर्मपुर से बिंगा, धर्मपुर से शेरपुर खाम्बर, धर्मपुर से गोरत वाया रांगड़, धर्मपुर से ध्वाली वाया बरडाना, कलस्वाई, धर्मपुर से झरेड़ा, धर्मपुर से लगेंहड़, धर्मपुर से चौकी, धर्मपुर से फिहड़, धर्मपुर से ततोहली परडाना आदि मार्गों पर यातायात बाधित है। इस बारे में लोनिवि के अधिशाषी अभियंता अनिल संगराय का कहना है कि भारी वर्षा के कारण यह मार्ग बाधित हुए हैं। जैसे ही मौसम साफ होगा, इन्हें बहाल कर दिया जाएगा। उधर, पधर-नौहली सड़क पर गलमाठा के पास सुबह के समय ल्हासा गिरने से यातायात अवरुद्ध रहा। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर मार्ग को बहाल करने के काम शुरू किया। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ जोगेश वैद्य ने बताया कि मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है।
