
चंपावत। खराब मौसम और सड़कों की दुर्दशा को देखते हुए फिलहाल रोडवेज के लोहाघाट डिपो ने विभिन्न मार्गों पर अपनी 50 प्रतिशत से ज्यादा सेवाएं बंद कर दी हैं। पिथौरागढ़ डिपो की इस रूट से होकर जाने वाले बसों की संख्या भी कम कर दी गई है। रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति में सुधार आने और सड़क मार्ग सही होने पर ही सभी बसों का संचालन संभव हो पाएगा। बसों का कम संचालन होने से बुधवार को चंपावत में यात्री खासे परेशान रहे। पिथौरागढ़ से जितनी बसें मैदानी इलाकों के लिए निकली वह फुल भरी हुई थीं।
लोहाघाट रोडवेज डिपो विभिन्न मार्गों पर रोज कुल 17 नियमित बस सेवाओं का संचालन करता है। 15 जून से यह संख्या घटाकर आठ कर दी गई है। रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक टीआर आदित्य ने बताया कि सड़कों की दशा खराब होने से बसों के फंसने का खतरा है। रोडवेज के उच्चाधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि फिलहाल कम संख्या में बसें चलाई जाएं। चंपावत स्टेशन में बड़ी संख्या में यात्री शाम तक बसों का इंतजार करते रहे। प्राइवेट जीपों का भी संचालन कम हुआ। जो जीपें चल रही थीं उनमें भी यात्री खचाखच भरे हुए थे। चंपावत से टनकपुर, बरेली, दिल्ली, देहरादून जाने वाले यात्रियों को ज्यादा मुसीबत झेलनी पड़ी।
