लोहाघाट डिपो ने अर्जित किया एक करोड़ का राजस्व

लोहाघाट। रोडवेज की ओर से अब 205 व्हील बेस की 48 सीटर बड़ी बसें संचालित की जाने लगी हैं। लोहाघाट डिपो को नवंबर में आठ नई बसें मिली हैं, जिसके कारण यात्रियों को सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। डिपो को इससे पूर्व 12 नई बसें मिली थीं। इस प्रकार यहां 20 नई बसें हो गई हैं, जिसमें 10 और नई बसें मिलने की उम्मीद की जा रही है। नई बसों के मिलने के साथ ही डिपो की आमदनी में काफी इजाफा हुआ है। नवंबर में रोडवेज ने एक करोड़ रुपए से अधिक की आय अर्जित की है, जो एक रिकार्ड है।
सभी 40 बसें ऑन रोड होने के साथ अब विभिन्न स्थानों के लिए समय से बसें उपलब्ध हो रही हैं। सहायक महाप्रबंधक टीआर आदित्य के अनुसार लोहाघाट डिपो से गुडगांव (हरियाणा) तक नई सेवा संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है। डिपो के पास उपलब्ध 10 छोटी बसें हैं। उनके कलपुर्जे न मिलने के कारण उन्हें लौटाने का प्रस्ताव किया गया है। उनके स्थान पर नई बसें मिलने के बाद पंचेश्वर, रौंसाल, रीठासाहिब, सिमलखेत आदि स्थानों से लंबी दूरी की बसें संचालित की जाएंगी। डिपो की चार बसें शीघ्र नीलामी में जाने वाली हैं।

Related posts