लोस चुनाव में जीत चाहिए तो बूथ को मजबूत करें

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। प्रदेश के पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं चच्योट के विधायक जयराम ठाकुर ने कहा कि 2014 के आम लोकसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि लोक सभा चुनाव में बडे़ अंतर से जीतना है तो पार्टी के कार्यकर्ताओं को सबसे पहले अपने पोलिंग बूथ को मजबूत करना होगा, तभी दिल्ली में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाएंगे। ये शब्द उन्होंने उदयपुर में भाजपा के अभ्यास वर्ग में कहे। उन्होंने कहा कि जीत के लिए पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को समझाना होगा। अगर संगठन मजबूत होगा तो किसी भी मुश्किल से निपटा जा सकता है। प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चुनावों से पहले बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का भी ऐलान किया था, लेकिन आज युवा वर्ग घोषणा से हताश हो गए हैं। शिविर में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा, मंडी संसदीय क्षेत्र के संगठन महामंत्री शिशु धर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ने भी विचार रखे। अभ्यास वर्ग के दूसरे सत्र में राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री पद को लेकर नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है। प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ने कहा कि बूथ चुनाव प्रबंधन की एक नींव है। इस अवसर पर जिला भाजपा के अध्यक्ष सूरत राम, पूर्व मंत्री एवं विधायक डा. राम लाल मारकंडेय, भाजपा मंडल उदयपुर के अध्यक्ष प्रीतम चंद, जिला भाजपा के महामंत्री अजय बौद्ध, जवाहर लाल ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए।

Related posts