
उत्तरकाशी। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव में स्वच्छ छवि के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
रविवार को हनुमान चौक पर हुई ट्रस्ट की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। इसके निवारण के लिए राजनीति में स्वच्छ छवि के लोगों का आना जरूरी है। निर्णय लिया गया कि इसके लिए अभी से गांव-गांव में जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से मतदाताओं से लोकसभा व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में साफ छवि के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की जाएगी। बैठक में स्वस्थ समाज की स्थापना के लिए गांव-गांव में योग शिविर के आयोजन पर भी जोर दिया गया।
इस मौके पर जिला संयोजक ज्ञानचंद रमोला, चंदन सिंह राणा, चंद्रपाल, पंकज पुष्प रावत, भगवान प्रसाद बहुगुणा, सुरेश सिंह बिष्ट, शिवनारायण, शैलेंद्र, धर्मानंद विजल्वाण आदि उपस्थित रहे।
