
बिलासपुर/घुमारवीं। लोकतंत्र के महापर्व का समय आ गया है। बुधवार को होने वाले मतदान के लिए निर्वाचन विभाग ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली है। निष्पक्ष एवं स्वतंत्र तरीके से चुनावी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए जिलाभर में 2200 से अधिक सरकारी कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुरक्षा के चलते तीन अर्धसैनिक बलों की कंपनियां और 1100 से अधिक पुलिस-होमगार्ड के जवानों का बूथों पर पहरा रहेगा।
लोकसभा चुनाव-2014 के मद्देनजर जिला बिलासपुर को 39 सेक्टरों में बांटा जाएगा। बुधवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक जिला के 354 पोलिंग बूथों पर मतदान किया जाएगा। इस बार दस आदर्श पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जहां मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए उनकी सुख-सुविधा का पुरा ख्याल रखने की बात कही जा रही है। सुरक्षा के दृष्टि गत बिलासपुर जिला को एक तरह से सील कर दिया गया है। पंजाब से सटी सीमाओं पर अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात कर दिए गए हैं। नियमित रूप से चैकिंग अभियान जारी है। निर्वाचन विभाग द्वारा गठित उड़नदस्ते जगह-जगह चैकिंग कर रहे हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अजय शर्मा ने बताया कि 46-झंडूता, 47-घुमारवीं, 48-बिलासपुर, 49-श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्रों में सुचारु रूप से मतदान करवाने के लिए 2200 से अधिक कर्मचारी एवं अधिकारी तैनात किए गए हैं। कुल 39 सेक्टर बनाए गए हैं। हर सेक्टर में एक सेक्टर अधिकारी तैनात किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से आठ सेक्टर मैजिस्ट्रेट ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। यहां पर अर्धसैनिक बलों के जवानों का पहरा रहेगा।
बॉक्स के लिए—-
कॉलेज में बंद रहेगी मशीनें
बिलासपुर। चुनाव के पश्चात ईवीएम मशीनों को कॉलेज में जमा किया जाएगा। यहीं पर 16 मई को मतों की गणना की जाएगी। तब तक कॉलेज में इन मशीनों को कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा। इसके लिए अर्धसैनिक बलों के अलावा पुलिस के जवान भी तैनात किए जाएंगे।
