लोनिवि ने बर्फबारी से निपटने को कसी कमर

शिमला। मौसम विभाग के 4 से 6 फरवरी तक फिर से बर्फबारी होने के पूर्वानुमान के चलते जिला प्रशासन के निर्देशों पर लोनिवि भी अपने स्तर पर निपटने के लिए तैयारियां कर रहा है। विभाग के शिमला डिविजन की सड़कों को समय रहते खोलने के लिए विभाग ने जगह-जगह पर क्र शर सैंड बिछाने के साथ ही सड़कों के किनारे जमी बर्फ को हटाने का कार्य कर रहा है। 18 जनवरी को हुई बर्फबारी के बाद लोनिवि ने अपने क्षेत्र के तहत आने वाली सड़कों को एक सप्ताह के भीतर खोल दिया था। शहर की सड़कों पर दो दिन में वाहनों की आवाजाही शुरू की जा सकी थी। सर्कुलर रोड को सबसे पहले खोलने के बाद विभाग ने मशोबरा-बसंतपुर सड़क को बहाल किया था। चूंकि अब मौसम विभाग ने समय पर भारी बर्फबारी होने को लेकर सचेत कर दिया है तो विभाग ने पहले से इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। इसके लिए विभाग शहर की सड़कों के किनारे रेत के ढेर लगा रहा है। विभाग ने किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए मशीनें और मजदूरों को तैयार करना शुरू कर दिया है। चार फरवरी को संभावित बर्फबारी लोनिवि के लिए परीक्षा होगी। अधिक बर्फबारी हुई तो फिर से शिमला का जनजीवन प्रभावित हो सकता है, जिसमें सड़कें अहम होती है। इसलिए विभाग को पहले से इंतजाम करने के निर्देश जिला प्रशासन की ओर से भी किए जा चुके हैं। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता बीएस चौहान ने कहा कि विभाग ने बर्फबारी से पैदा होने वाली किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां कर ली हैं। पूरे सर्कल के तहत आने वाले अधिशासी अभियंताओं से लेकर निचले स्तर के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। शिमला शहर की मुख्य सड़कों को रखरखाव कर रहे डिविजन नंबर एक के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा का कहना है कि सभी तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं।

Related posts