
धर्मशाला। घाटी में तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश जारी है। हालांकि शनिवार को दोपहर बाद तक धूप खिली रही। लेकिन दोपहर के बाद फिर से बारिश शुरू हो गई है। लगातार जारी बारिश से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन दिन से लगातार जारी बारिश से जगह-जगह सड़क मार्गों पर ल्हासे व पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित रहा। वहीं लोनिवि के अधिकारियों के मुताबिक विभाग को बरसात से अब तक करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है।
हालांकि शनिवार को मौसम साफ रहने पर लोनिवि के कर्मचारी मशीनरी सहित सड़क मार्गों को बहाल करने में जुटे रहे। लेकिन बारिश से हुए बड़े नुकसान की अभी तक मरम्मत होना मुमकिन नहीं है। बारिश से धर्मशाला-सकोह सड़क मार्ग पर सड़क का एक हिस्सा डंगे सहित धंस जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जिला में कई संपर्क मार्गों पर गिरे ल्हासों व पत्थरों को अभी तक पूरी तरह से नहीं हटाया जा सका है। विभाग के कर्मचारी सड़क मार्गों को बहाल करने में जुटे हुए हैं। प्रदेश में जारी बारिश से ब्यास नदी पर बनाए गए पौंग बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार देर शाम तक पानी स्तर 1365 फीट से ऊपर बताया जा रहा था। हालांकि फिलहाल अभी जलस्तर खतरे के निशान से दूर है। वहीं लोनिवि के कांगड़ा-चंबा के मुख्य अभियंता आरएस चौधरी का कहना है कि विभाग के कर्मचारी व मशीनरी सड़क मार्गों को बहाल करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मख्य सड़कों से मलबे को मौके पर ही हटा दिया जा रहा है। जबकि संपर्क मार्गों की बहाली का कार्य जारी है।
