
मंडी। लोनिवि के स्टोर से आधा दर्जन तारकोल के ड्रम चुराने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। छानबीन कर आरोपियों के कब्जे से टाटा सफारी गाड़ी और तारकोल बरामद कर लिया है। तारकोल चोरी के सिलसिले में पुलिस ने मंडी के करीब तल्याहड़ से तीन युवकों को हिरासत में लिया। जिनमें शेर सिंह पुत्र निहाल सिंह निवासी कमांद, उसका भाई परसराम और बजौरा निवासी मनोज कुमार पुत्र भागीरथ को हिरासत में ले लिया। शुक्रवार को औट थाना पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता के बारे में पता लगा रही है। रविवार रात लोनिवि के औट स्थित अहाडू स्टोर से चोर आधा दर्जन तारकोल के ड्रम ले उड़े थे। चोरों को तारकोल के ड्रम ले जाते हुए एक व्यक्ति ने देख लिया था। उसी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने इस वारदात में संलिप्त तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं कमांद से चोरी के लिए प्रयोग की गई टाटा सफारी गाड़ी और तारकोल आदि सब बरामद कर लिया। औट थाना के जांच अधिकारी खेम सिंह ने बताया कि पुलिस ने चोरी किए गए तारकोल के ड्रम, चोरी में उपयोग की गई गाड़ी कब्जे में ले ली है। जबकि इस सिलसिले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
