लोनिवि की लापरवाही पड़ न जाए भारी

नाहन (सिरमौर)। रोनहाट के समीप शिव मंदिर के पास गिरा डंगा चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। डंगे के गिरने से सड़क इतनी तंग हो गई है कि बड़ी मुश्किल से गाड़ियां निकल रही हैं। लेकिन पांच माह बाद भी लोक निर्माण विभाग ने डंगा पूरा नहीं कराया । यहां किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालक मदन सिंह शर्मा, राजेंद्र कुमार, सतीश व शामी ने बताया कि डंगा नीचे से टूटा जिसके कारण सड़क खोखली हो गई है। इसके चलते कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
यहां से करीब 150 मीटर की दूरी पर तीन माह पूर्व डंगा धंस जाने से ट्रक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन लोनिवि ने इस घटना से भी काई सबक नहीं लिया। क्षेत्रवासियों एवं वाहन चालकों ने विभाग से शीघ्र ही डंगे के निर्माण की मांग की है।
उधर, इस संबंध में लोक निर्माण विभाग रोनहाट के सहायक अभियंता बीबी शर्मा ने बताया कि डंगे का प्राकलन तैयार कर स्वीकृति हेतु उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही डंगे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts