लोगों ने चंपावत-पिथौरागढ़ मार्ग पर लगाया जाम

चंपावत। सीवर का गंदा पानी सड़क पर फैलाने से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को अपराह्न चंपावत-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। यातायात ठप होने की सूचना मिलते ही अधिकारी तथा पालिकाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि इस तरह की समस्या दुबारा नहीं आएगी। घरों तथा टायलेट का गंदा पानी सड़क पर छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। तब जाकर लोगों ने जाम खोला।
जीआईसी चौराहा क्षेत्र में सड़क पर गंदा पानी कई दिनों से फैल रहा है। इसकी शिकायत लोगों ने पालिका से की लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि सड़क पर गंदा पानी फैलने से आम यात्रियों के साथ साथ व्यापारियों को मुसीबत उठानी पड़ रही है। कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने अपराह्न चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग जाम लगा दिया। जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, अधिशासी अधिकारी वाईएस रावत मौके पर पहुंचे। दोबारा ऐसी समस्या नहीं आएगी और जो लोग टायलेट का गंदा पानी सड़क तथा नालियों में छोड़ रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अफसरों तथा पालिकाध्यक्ष के आश्वासन के बाद लोगों ने अपराह्न पांच बजे जाम खोल दिया लेकिन चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसा होने पर फिर से जाम लगा दिया जाएगा। जाम लगाने वालों में सतीश तिवारी, कैलाश तिवारी, संदीप पांडे समेत मोहल्ले के तमाम लोग थे।

Related posts