
चंबा। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम ने चंबा के आसपास के क्षेत्रों का दौरा करके स्वास्थ्य, शिक्षा व सार्वजनिक वितरण प्रणाली के बारे में जानकारी हासिल की।
आयोग की दो टीमें मंगलवार को अलग-अलग क्षेत्रों में गईं। एक टीम ने सुंडला क्षेत्र का और दूसरी ने उदयपुर, भनौता, चनेड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों व स्कूलों का निरीक्षण करने के अलावा ग्रामीणों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जानकारी हासिल की। इस दौरान टीम को स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ व सुविधाओं की कमी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन न मिलने की शिकायतें मिलीं हैं। इसके अलावा कुछ स्कूलों में शौचालयों की हालत खराब मिली, जबकि स्कूलों को लेकर टीम संतुष्ट दिखी। टीम ने सिद्धपुरा स्कूल का भी दौरा किया और स्कूल की व्यवस्था जांचने के बाद संतुष्टि जाहिर की। स्कूलों के निरीक्षण के दौरान मिड-डे-मील की भी कोई शिकायत नहीं मिली है। ये टीमें शाम को वापस जिला मुख्यालय लौट आई हैं। मंगलवार शाम को टीम ने उपायुक्त संदीप कदम व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बैठक की और जिले की स्थिति को लेकर चरचा की। बुधवार को आयोग की टीम दौरा समाप्त करने से पहले एक बार फिर से जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेगी। इसके साथ ही अपने जिले के दौरे के बारे में संवाददाता सम्मेलन के जरिए जानकारी देगी। ज्ञात रहे कि यह टीम चार दिवसीय दौरे पर रविवार को चंबा पहुंची है। इस टीम में आयोग के सदस्य एससी सिन्हा, संयुक्त निदेशक जेएस कोचर, संयुक्त निदेशक ला अजय बख्शी, उप सचिव रिसर्च डा. सविता भाखरी, रिसर्च कंसल्टेंट सुनाली हुरिया, ज्वाइंट रजिस्ट्रार ला एके पराशर व एसएसपी ऋषि प्रकाश शामिल हैं।
