
नई टिहरी। बारिश के मौसम को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने जिले के सभी 26 गोदामों में पर्याप्त रसद पहुंचा दिया है। बावजूद यह यक्ष प्रश्न अब भी खड़ा है कि यह सामग्री गांवों तक पहुंचेगी कैसे। कारण जिले के 95 संपर्क मार्गों पर अब भी यातायात बंद है।
भिलंगना प्रखंड के गंगी, पिन्सवाण, भट्टगांव, जाखणीधार के ढुंगमंदार पट्टी, प्रतापनगर के सौंदी, मेहरगांव और किमखेत जैसे कई गांवों तक पहुंचने के लिए पैदल रास्ते तक भी क्षतिग्रस्त हैं। इन क्षेत्रों में घोडे़ और खच्चरों के जरिये भी रसद पहुंचना लोहे के चने चबाने के समान होगा। 16- 17 जून को आपदा से मची तबाही के बाद पूर्ति विभाग हरकत में आ गया। आपदा से जिले की 245 सड़कें अवरुद्ध हो गई थी। जिससे गांवों में अनाज का संकट गहरा गया है। 95 सड़कें तो अब भी बंद है।
इतना राशन है स्टोर
पूर्ति विभाग ने जिले के सभी 26 गोदामों में 15 हजार 930.72 कुंतल गेहू, 21 हजार 423.82 कुंतल चावल, 1 हजार 48 कुंतल चीनी और 62.495 किलोलीटर मिट्टी तेल का भंडारण कर लिया है। यह राशन जुलाई और अगस्त माह तक के लिए किया गया गया है।
यहां भेजा अतिरिक्त राशन
हुलाणाखाल, धमातोली, धारकोट, भेंतलाखाल, उनालगांव, मंदार और सुनहरीगाड।
कोट-
ढुंगमंदार पट्टी के 27 गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर घनसाली-प्रतापनगर का सेंदुल पुल 15 दिनों से क्षतिग्रस्त है। जल्द पुल की मरम्मत कर क्षेत्र में राशन की आपूर्ति नहीं की जाती तो लोगों को कई दिनों तक भूखा रहना पडे़गा।- सरस्वती रावत, सदस्य जिला पंचायत
सभी डीलरों से गोदामों से राशन का उठान करने को कहा गया है। जहां सड़कें और पैदल रास्ते बंद हैं वहां मौसम ठीक होने पर अधिक संख्या में मजदूर लगाकर राशन पहुंचाने की व्यवस्था बनाई जा रही है। -निधि रावत जिला पूर्तिधिकारी नई टिहरी
