लोगों को नशे के प्रति किया आगाह

चंपावत/बनबसा। कोतवाली पुलिस की ओर से युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों की ओर से लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक आरएस टोलिया ने जिला मुख्यालय में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर नशे के विभिन्न प्रारूपों की लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का दायित्व है कि वह अपने बच्चों पर लगातार नजर रखें कि कहीं वह किसी प्रकार के ड्रग्स का सेवन तो नहीं कर रहा है। अभियान के दौरान लोगों को दैवीय आपदा के समय में बचाव के टिप्स भी दिए जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि नशा मुक्त अभियान के तहत युवाओं और आम लोगों को नशे के सेवन के खिलाफ जागरूक बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्मैक, अफीम के अलावा युवाओं में सूंघने वाले इनहैलर, व्हाइटरनर और अन्य प्रकार की मादक दवाओं के सेवन की लत लग रही है। जिसके बारे में अभिभावकों को जागरूक रहना होगा। इस मौके पर बसंत तड़ागी, देवीदत्त जोशी, दिलीप महर, पीतांबर जोशी, मोहन सिंह खैर, महेश मर्तोलिया, प्रहलाद सिंह, अनुराग साह, प्रदीप गड़कोटी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
उधर, बनबसा में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स दिवस पर पुलिस ने नशा उन्मूलन अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभाव से सतर्क किया। तंबाकू से कैंसर की संभावनाओं के बढ़ने के बारे बताया और नशे से दूर रहने को प्रेरित किया।
थानाध्यक्ष आरएस मेहता की अध्यक्षता में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स दिवस पर बृहस्पतिवार को नशा उन्मूलन अभियान चलाया गया। थाने में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस ने होटल मालिक, मजदूरों, वाहन चालकों और रिक्शा-तांगा चालकों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में बताया। थानाध्यक्ष ने नशे से सामाजिक, आर्थिक, पारिवारिक और स्वास्थ पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशे के प्रभाव में आकर व्यक्ति अपना विवेक खोकर अपराध की ओर भी अग्रसर होता है। पुलिस ने नागरिकों से अन्य लोगों को भी नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक करने को कहा। इस मौके पर एसआई सीएस कन्याल, भोपाल सिंह संबल, अभिसूचना इकाई के प्रभारी भाष्कर बडोला आदि ने भी लोगों को नशे से बचने की सलाह दी।

Related posts