लोगों को गुमराह कर रहे सीपीएस : भाजपा

जुब्बल (शिमला)। बढ़ाल तथा कठासु पंचायत के भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर भाजपा कार्यकाल में हुए कार्यों का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। भाजपा कार्यकर्ता कुलदीप तांटा, धर्म सिंह मलोकटा, रणवीर चौहान, सुरेंद्र, उधम मोक्टा, अश्वनी ठाकुर, अमर चंद रथटा, प्यारे लाल सहित दीपू मलोक्टा ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि सीपीएस रोहित ठाकुर भाजपा कार्यकाल में हुए कार्यों का झूठा श्रेय लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरोट-मिहाना-राईका सड़क को तत्कालीन बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने नाबार्ड में डाला था तथा इस सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत कर टेंडर भी पूर्व सरकार के कार्यकाल में लगवाए गए थे। लेकिन, सीपीएस रोहित ठाकुर इस कार्य को अपना बताकर झूठी वाहवाही लूटना चाहते हैं। सोजला सड़क का निर्माण कार्य भी भाजपा कार्यकाल में ही पूरा कर लिया गया था। सरकार के मंत्री मात्र सड़क का उद्घाटन कर झूठी वाहवाही लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए दस माह से अधिक समय बीत गया है, लेकिन विकास के नाम पर एक पत्थर भी क्षेत्र में नहीं लगा है। विकास कार्यों के लिए सरकारी विभागों में बजट की भारी कमी बनी हुई है। सीपीएस रोहित ठाकुर भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए कार्यों लेकर अपना काम चला रहे हैं। ठियोग-हाटकोटी सड़क का पुराना टेंडर भाजपा ने रद करवाया। उसके बाद सड़क निर्माण के लिए नए टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी भाजपा कार्यकाल में हुई तथा सड़क निर्माण के लिए धन राशि भी भाजपा कार्यकाल में ही स्वीकृत हो गई थी। लेकिन, कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के दस माह बाद भी सड़क निर्माण का कार्य तक शुरू नहीं कर पाई है।

Related posts