लोक निर्माण विभाग को चार करोड़ का नुकसान

भरमौर (चंबा)। बारिश व बर्फबारी के कारण उपमंडल भरमौर में लोक निर्माण विभाग को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। भरमौर में वर्ष 2013 से लेकर अब तक लोक निर्माण विभाग को लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उपमंडल भरमौर में कुल 29 पंचायतें हैं। इसमें लोक निर्माण विभाग के चार सब डिवीजन आते हैं। इसमें भरमौर, गरोला, होली व राख सब डिवीजन शामिल हैं। दिसंबर माह से लेकर अब तक यहां पर लगभग एक दर्जन बार बर्फबारी हो चुकी है। बर्फबारी के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से सड़क के डंगे ढह गए हैं। इसके अलावा सड़क पर भारी मलबा गिरने से कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस कारण विभाग को खासा नुकसान उठाना पड़ा है। बरसात के मौसम में भारी बारिश व सर्दी में भारी हिमपात होने के कारण भरमौर क्षेत्र में सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। भूस्खलन होने के कारण जगह-जगह डंगे ढह गए हैं। इस कारण विभाग को काफी नुकसान हो रहा है। दिसंबर माह से लेकर अब तक हुई बर्फबारी के कारण क्षेत्र के कई लिंक मार्ग बहाल नहीं हो पाए हैं। इन मार्गों को बहाल करने में भी विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी व लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र धीमान ने बताया कि बरसात से लेकर अब तक विभाग को भरमौर मंडल में लगभग चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि हर बार बरसात व सर्दी के मौसम में विभाग को क्षेत्र में काफी नुकसान उठाना पड़ता है।

Related posts