
आनी (कुल्लू)। जिला स्तरीय आनी मेले का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। चार दिन तक चले इस मेले में पांच देवताओं ने शिरकत की। इनमें स्थानीय आराध्य शमशरी महादेव, पनेऊई नाग, देऊरी नाग, कुलक्षेत्र महादेव तथा ब्यूगली नाग ने उपस्थिति दर्ज करवाई। देवताओं की विदाई के साथ ही मेले का समापन हो गया। समापन समारोह के दौरान एसडीएम आनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं, इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
रस्साकशी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में जाबण के पुरुषों ने धार को हराकर जीत दर्ज की। जबकि, महिला वर्ग के रोचक मुकाबले में पाहवी की महिलाओं ने थबोली की महिलाओं को मात देकर पहला स्थान हासिल किया। स्कूलों की लोकनाटी प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में रावमापा आनी की छात्राओं ने पहला और सरस्वती विद्या मंदिर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, कनिष्ठ वर्ग में एसडीए मिशन स्कूल ने पहला और सरस्वती विद्या मंदिर आनी के बच्चों ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं गायन प्रतिभा खोज वर्ग में रचित सूद, प्रेम सोनी, अमर, हरिंद्र ,संध्या, वीरसिंह, दीपा, रजनी, अनूप डोगरा, अर्जुन, विनोद, प्रदीप, प्रवीण, रामकृष्ण, सरिता सहित दर्जनों उभरते कलाकारों की प्रस्तुतियाें को भी सम्मानित किया गया। जबकि, विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों में कृषि विभाग को पहला और पुलिस व स्वास्थ्य विभागों को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान मिला है। इसके अलावा गहरूराम एंड पार्टी के स्वांग नृत्य और कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डांस ग्रुप सूत्रधार कला संगम के कलाकारों की प्रस्तुतियों का भी लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।
यातायात नियमों का सख्ती से होगा पालन : एसडीएम
मेले के समापन समारोह पर एसडीएम आनी नीरज गुप्ता बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में सबसे पहले कुल्लू के समीप हुए बस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि यातायात नियमों को कड़ाई से लागू करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी चालक को लोगों की जान से खेलने का कोई हक नहीं है। एसडीएम ने कहा कि मेलों के माध्यम से ही हमारी लोक संस्कृति बची रह सकेगी। इस अवसर पर एसडीएम आनी की धर्म पत्नी शालिका गुप्ता, डीएसपी आनी प्रवीर ठाकुर, जिला पार्षद तेज राम कश्यप और चांद ठाकुर, गंगा राम चंदेल, योगेश वर्मा, मेला कमेटी के अध्यक्ष विनोद चंदेल, उपाध्यक्ष कपूर चंद शर्मा, चेत राम शर्मा, सचिव विनोद कटोच तथा मुकुंद शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
