
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि रविवार को शत प्रतिशत मतदान कर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करें। यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि जनता के मतदान से भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी जनता के मुद्दों के आधार पर लड़ रही है। जबकि कांग्रेस के पास छह महीनों की सरकार की कोई उपलब्धि नहीं है। भाजपा का यह अभियान यूपीए और प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, भेदभाव और बदला बदली की भावना और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ किए जा रहे खिलवाड़ के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि आज देश की बदतर और प्रदेश की खस्ता हालत के लिए कांग्रेस की सरकारें ही जिम्मेदार हैं। धूमल ने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पिछले छह महीनों में बुरी तरह से असफल हुई है। जम्मू कश्मीर का औद्योगिक पैकेज तो बढ़ गया, परंतु कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश को केंद्र ने ठेंगा दिखा दिया।
