

सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ स्थिति की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बिना किसी ढील के राज्य में पूर्ण कर्फ्यू की घोषणा की है। कैप्टन ने सभी डीसी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिलों में कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराएं।
किसी भी व्यक्ति को कर्फ्यू के दौरान उसकी आवश्यकता की गंभीरता को देखने के बाद तय अवधि के लिए डीसी द्वारा छूट देने पर विचार किया जा सकता है। एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने बताया कि आवश्यक सेवाओं के लिए दी जाने वाली किसी भी छूट की घोषणा बाद में की जाएगी।
आईएएस एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत फंड में जमा कराएंगे
22 हो गए मरीज
पंजाब में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 22 पहुंच गई है। सोमवार को मोहाली में एक और महिला को कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। यह महिला फेज पांच की रहने वाली है। इस महिला के घर में चंडीगढ़ सेक्टर 21 निवासी संक्रमित युवती की दोस्त रहती थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उसके घर को कब्जे में ले लिया है। नगर निगम की टीमें सैनिटाइज कर रही हैं। अब मोहाली जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 5 हो गई है।
कुल पॉजिटिव केस
नवांशहर में 14
मोहाली में पांच
होशियारपुर में दो
अमृतसर में एक
बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें: कैप्टन
मुख्यमंत्री ने कहा जो लोग हाल ही में विदेश से लौटे हैं, उन्हें घर में एकांतवास से गुजरना है और बीमारी के किसी भी लक्षण के शुरू होने पर निकटतम सरकारी स्वास्थ्य सुविधा को रिपोर्ट करना जरूरी है। स्थानीय समुदाय को भी जनहित में इसे लागू करने में प्रशासन की सहायता करनी चाहिए। कैप्टन अमरिंदर ने व्यापारियों और व्यवसायियों से न केवल आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए, बल्कि किसी भी तरह की जमाखोरी और मुनाफाखोरी से बचने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार किसी को भी अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए स्थिति का अनुचित लाभ उठाने की अनुमति नहीं देगी।
पुलिस कर्मी अपनी सुरक्षा के लिए सावधानी बरतें
धारा 144 के तहत प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने के लिए डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा कि सभी जिलों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी अपनी सुरक्षा के लिए सभी तरह की सावधानी बरतें, क्योंकि इस दौरान वे कई लोगों के संपर्क में आएंगे।
