लेह को रेल से जोड़ने के लिए कवायद शुरू

मनाली। सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण लेह को रेल से जोड़ने के लिए मनाली के पर्यटन व्यवसायियों ने कवायद शुरू कर दी है। व्यवसायियों ने बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, लाहुल-स्पीति, पांगी तथा लद्दाख के लोगों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। पर्यटन नगरी मनाली के पर्यटन व्यवसायियों ने शनिवार को बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता मीने राम ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि पर्यटन नगरी मनाली, लाहौल घाटी तथा लेह सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी विश्व में विख्यात है, लेकिन रेलवे की सुविधा न होने के चलते जहां सैलानियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेना के जवानों तक रसद पहुंचाने में भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि रेल की सुविधा मिल जाने से घाटी में पैदा हो रहे फल व सब्जियों को पड़ोसी राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर तथा दिल्ली तक पहुंचाने में सुविधा होगी। साथ ही परिवहन का भी खर्च घटेगा। शीघ्र समिति की अगली बैठक आयोजित की जाएगी तथा कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर संजय सूद, प्रोफेसर एनसी शर्मा, मोहन लाल रेलिंग्पा तथा प्रोफेसर चंद्रमोहन परशीरा ने भी बैठक में विचार रखे।

Related posts