लेदा जंगल में छिपा था भाभी का हत्यारा

सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की डुगराई पंचायत के डिनक-रडा गांव में भाभी के हत्यारे देवर को पुलिस ने वीरवार दोपहर लेदा के जंगल से धर दबोचा। उससे पूछताछ शुरू हो गई है। इधर, मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। डिनक- रडा गांव में बुधवार शाम को जमीनी विवाद को लेकर सुरेंद्र कौर की रिश्ते के देवर के साथ तनातनी हो गई थी। इसी दौरान देवर अवतार सिंह उर्फ आलम सिंह ने वहां पड़े फावड़े को उठाकर भाभी के सिर पर वार कर दिया। सुरेंद्र कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर अवतार सिंह मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सूचना मिलने पर मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए कुल्लू तथा मंडी जिले में कई स्थानों पर रहने वाले उसके रिश्तेदारों के यहां पर पिछले 24 घंटे में दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को उसके सूत्रों से सूचना मिली की आरोपी कपाही तथा लेदा के जंगल के बीच में छुपा हुआ है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया आरोपी से हत्या के इस मामले में पूछताछ आरंभ कर दी है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

Related posts