
बिलासपुर। जनपद बिलासपुर के चार कालेजों में लेटफीस के साथ दाखिला लेने के लिए युवाओं की भीड़ उमड़ी रही। एडमिशन लेने से वंचित रहे स्टूडेंट्स 30 जून तक लेटफीस की अदायगी कर दाखिला ले सकते हैं। 20 जून को हर कालेज में प्रथम वर्ष की मेरिट सूची बनाई गई। इसके लिए कालेज स्टाफ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो बजे के बाद हर कालेज में मेरिट लिस्ट लगाई जा चुकी थी।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर, डिग्री कालेज घुमारवीं, डिग्री कालेज जुखाला, डिग्री कालेज झंडूता में प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया के लिए मेरिट सूची लगाई। मेरिट लिस्ट में अपना नाम देखने के लिए बच्चों में होड़ सी मची रही। जिन बच्चों ने मेरिट के आधार पर दाखिला लिया है। वह 25 जून तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। डिग्री कालेज जुखाला में कला संकाय में 60 फीसदी, वाणिज्य संकाय में 70 फीसदी सीटें खाली रही हैं। जब कालेज में अभी तक विज्ञान संकाय शुरू ही नहीं किया गया है। जो बच्चे प्रथम वर्ष में मेरिट के आधार पर प्रवेश लेने से वंचित रह गए हैं। वह जुखाला कालेज में अप्लाई कर सकते हैं। डिग्री कालेज झंडूता में भी अधिकतर सीटें खाली रह गई हैं। मेजर सब्जेक्ट में 15, इतिहास में 15, हिंदी में 26 सीटें खाली हैं। इसके अलावा बीए-2 में 63 तथा बीए-3 में 50 स्टूडेंट्स ने दाखिला लिया है। अभी यहां पर वाणिज्य तथा विज्ञान संकाय शुरू नहीं हुआ है। अभी तक कालेज भवन निर्माण कार्य चला हुआ है। डिग्री कालेज घुमारवीं में भी एडमिशन का दौर चला रहा।
बिलासपुर कालेज के प्राचार्य आरपी चोपड़ी, डिग्री कालेज घुमारवीं के प्राचार्य एलआर शर्मा, जुखाला कालेज प्राचार्य उमा वर्मा, झंडूता कालेज प्राचार्य मीरा गुप्ता ने कहा कि प्रथम वर्ष के स्टूडेंट्स को मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश दिया गया है। निर्धारित तिथि के भीतर सभी विद्यार्थी अपनी फीस जमा करवा सकते हैं।
