
नैनीताल। पावर कारपोरेशन की टीम ने मंगलवार को मालरोड स्थित होटल लेक इन साइड में छापा मारकर बड़ी बिजली चोरी पकड़ी है। मीटर चेक करने पर छेड़छाड़ पाई गई। जांच के लिए उसे सील कर दिया गया है। विद्युत विभाग की मानें तो प्रारंभिक आंकलन में 20 से 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए जरूरी कार्रवाई पूरी की जा रही हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के बाद देर शाम इस होटल में बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी जीसी आर्या के नेतृत्व में छापा मारा गया। पुलिस की मौजूदगी में टीम ने तुरंत बिजली का मीटर उतारा और उसे चेक किया तो मीटर में बड़ी छेड़छाड़ पाई गई। छापा पड़ने और चोरी सामने आने के बाद अधिशासी अभियंता शेखर त्रिपाठी, मीटर विशेषज्ञ अभियंता डीके जोशी मौके पर पहुंचे। एसडीओ आर्या तथा सहायक अभियंता मंदिता अग्रवाल ने अधिकारियों को बिजली चोरी के बारे में बताया।
एसडीओ ने बताया कि होटल में अनुराधा खन्ना के नाम से 45 किलोवाट का कनेक्शन स्वीकृत है। विभागीय आंकलन के मुताबिक होटल स्वामी पर 20 से 25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि विभागीय अधिकारी इसे नियमित चेकिंग के दौरान पकड़ा गया मामला बता रहे हैं। लेकिन इससे पूर्व की गई चैकिंग के बारे में पूछताछ पर वह कुछ भी बोलने को तैयार नहीं। सूत्र बताते हैं कि पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी के बाद इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ है। 16 अगस्त को होटल स्वामी की मौजूदगी में हल्द्वानी में मीटर की लैब जांच होगी।
